राज्य , राजा , और एक प्राचीन गणराज्य
कुछ लोग शासक कैसे बने ? लगभग पचास वर्षों से हम अपने शासकों का चुनाव मतदान के जरिए करते आ रहे हैं । लेकिन बहुत पहले लोग शासक कैसे बनते थे ? हमने अध्याय 5 में यह पढ़ा है कि कुछ राजा संभवतः जन यानी लोगों द्वारा चुने जाते थे । परन्तु करीब 3000 साल पहले राजा बनने की इस प्रक्रिया में कुछ परिवर्तन दिखाई दिए । कुछ लोग बड़े - बड़े यज्ञों को आयोजित कर राजा के रूप में प्रतिष्ठित हो गए । अश्वमेध यज्ञ एक ऐसा ही आयोजन था । इसमें एक घोड़े को राजा के लोगों की देखरेख में स्वतंत्र विचरण के लिए छोड़ दिया जाता था । इस घोड़े को किसी दूसरे राजा ने रोका तो उसे वहाँ अश्वमेध यज्ञ करने वाले राजा से लड़ाई करनी पड़ती थी । अगर उन्होंने घोड़े को जाने दिया तो इसका मतलब यह होता था कि अश्वमेध यज्ञ करने वाला राजा उनसे ज़्यादा शक्तिशाली था । इसके बाद उन राजाओं को यज्ञ में आमंत्रित किया जाता था । यह यज्ञ विशिष्ट पुरोहितों द्वारा सम्पन्न किया जाता था । इसके लिए उन्हें उपहारों से सम्मानित किया जाता था । अश्वमेध यज्ञ करने वाला राजा बहुत शक्तिशाली माना जाता था । यज्ञ में आमंत्रित सभी राजा उसके लिए उपहार लाते थे । इन सभी...